रायपुर : देश भर में तेंदुओं की संख्या भले बढ़ी हो लेकिन छत्तीसगढ़ के टाइगर रिजर्व में चार सालों में तेंदुओं की संख्या आधी रह गई है. लेपर्ड ऐस्टीमेशन की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ के टाइगर रिजर्व में तेंदुओं की संख्या में 2018 की तुलना में 55% की कमी आई है.
यह तब है, जब भारत में तेंदुओं की संख्या 2018 में 12,852 से 8% बढ़कर 2022 में 13,874 हो गई है.
2018 में छत्तीसगढ़ के तीनों टाइगर रिजर्व में 240 तेंदुए थे, लेकिन 2022 में केवल 107 तेंदुए बचे.
रिपोर्ट के अनुसार उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व में कैमरा आधारित गणना और अनुमान के अनुसार साल 2018 में 95 और साल 2022 में 28 तेंदुए पाए गए, इस प्रकार 67 तेंदुए कम हो गए. इनकी संख्या में साल 2018 की तुलना में 70% की कमी हो गई.
अचानकमार टाइगर रिजर्व में साल 2018 में 87 तेंदुए थे. ये साल 2022 में 76 हो गए. इस तरह इनकी संख्या में 13% की कमी हो गई.
इसी तरह इंद्रावती टाइगर रिजर्व में साल 2018 में 58 तेंदुए थे, जो साल 2022 में 3 बचे. यहां सीधे-सीथे 55 तेंदुओं की कमी हो गई. साल 2018 की तुलना में यह कमी 95% है.
रिपोर्ट के अनुसार इंद्रावती टाइगर रिजर्व में सैंपलिंग के दौरान एक भी लेपर्ड का प्रमाण नहीं मिला.




